भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने थमा दिया विपक्ष को मुद्दा - Devbhoomi News
केवल मोदी लहर के सहारे ही किसी की नैया पार नहीं होगी
देहरादून। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने पार्टी विधायकों को अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाने के लिए चेताया, मगर इस दौरान वह कुछ ऐसा कह गए, जिसने विपक्ष को मुद्दा थमा दिया। भगत ने कहा कि वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में मोदी लहर की बजाए विधायक अपने क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों के बूते जीत हासिल करें। मीडिया से बातचीत में भगत ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में केवल मोदी लहर के सहारे ही किसी की नैया पार नहीं होगी, बल्कि विधायक खुद भी अपने विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहें और जनता के बीच जाएं। गौरतलब है कि उत्तराखंड में भाजपा पिछले छह वर्षों के दौरान अत्यंत मजबूत बनकर उभरी है। वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में नमो लहर में भाजपा ने राज्य की सभी पांचों सीटों पर भारी जीत दर्ज की। यही नहीं, वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 57 सीटों पर जीत हासिल की। यह उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद पहला अवसर रहा, जब किसी पार्टी ने इतना भारी भरकम बहुमत हासिल किया। बंशीधर भगत सात महीने पहले ही प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। राज्य में अगले विधानसभा चुनाव में महज डेढ़ साल का वक्त बचा है। ऐसे में भगत के समक्ष पार्टी का पिछला चुनावी प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है।
मामले के तूल पकड़ने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश ही नहीं, बल्कि विश्व के महान नेता हैं और देश का जनमानस उनके साथ है। उन्होंने कहा कि उनका बयान न तो सही रूप में पेश किया गया और न सही परिप्रेक्ष्य में। भगत के अनुसार, उन्होंने विधायकों को जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत बनाने के लिए निर्देशित किया।
विपक्ष ने भगत के बयान पर भाजपा को घेरने में देरी नहीं की। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत मान चुके हैं कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू नहीं चलने वाला। इससे आने वाले दिनों में होने वाली परेशानी को भाजपा महसूस करने लगी है। अब भाजपा नेता अपनी जिम्मेदारी से बच रहे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र आनंद ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान से साफ हो गया कि पिछले साढ़े तीन साल भाजपा सरकार के किसी मंत्री या विधायक ने कोई काम नहीं किया।
Read Here Uttrakhand News in Hindi

Comments
Post a Comment