भाजपा विधायकों ने हाईकमान से नेतृत्व बदलने को कहा : नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष के बयान ने प्रदेश की सियासत में तेज कर दी हलचल
देहरादून। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के एक बयान ने प्रदेश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। इंदिरा ने कहा कि भाजपा में विद्रोह की स्थिति पैदा हो चुकी है। अंसतुष्ट विधायक लगातार बैठकें कर रहे हैं। विकास कार्य नहीं होने और अफसरशाही द्वारा जनप्रतिनिधियों की बात नहीं सुनने की वजह से नाराजगी लगातार बढ़ रही है। नेता प्रतिपक्ष ने यहां तक कहा कि भाजपा विधायकों ने 2022 के चुनावों को लेकर हाईकमान से नेतृत्व परिवर्तन को कहा है। अब इंदिरा के इस दावे से सत्ता से लेकर विपक्ष तक में चर्चाएं जोरों पर है। मीडिया में जारी बयान में नेता नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि सरकार में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा। निरंकुश नौकरशाही को सरकार का कोई डर नहीं है। भाजपा के सत्ता में आने के बाद से प्रदेश में नए व पुराने सभी विकास कार्य बंद पड़े हैं। यह स्थिति जनता के लिए बेहद निराशाजनक है। बेरोजगारों के लिए कोई योजना नहीं बन सकी। अब संस्थानों में हो रही छंटनी से भी लोगों में और नाराजगी है। सैलरी से हर माह हो रही कटौती से कर्मचारी वर्ग तक खफा है। ऐसी परिस्थितियों में जनता की समस्याओं का समाधान होना मुश्किल है। यही वजह है कि सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने केंद्रीय नेतृत्व से हस्तक्षेप कर उत्तराखंड में नेतृत्व बदलने की मांग की है। वहीं, इंदिरा ने कहा कि भारी बहुमत के बावजूद सरकार ढंग से नहीं चल पा रही। जिस वजह से साढ़े तीन साल में मंत्रियों के तीन पद भी खाली पड़े हैं।
Read more Uttrakhand News In Hindi

Comments
Post a Comment